कवर्धा, 29 मई 2025। किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और कृषि को आधुनिक तकनीकों से जोड़ने के उद्देश्य से कबीरधाम जिले में “विकसित कृषि संकल्प अभियान“ की शुरुआत की गई है। जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू एवं कृषि सभापति रामकुमार भट्ट ने इस अभियान के तहत कृषि रथ को हरी झंडी दिखाकर शुभकामनाओं के साथ रवाना किया।

यह अभियान 29 मई से 12 जून 2025 तक यानी कुल 15 दिनों तक जिले भर में संचालित किया जाएगा। इस दौरान कृषि एवं समवर्गीय विभाग के साथ-साथ कृषि विज्ञान केन्द्र, आईसीएआर और अन्य तकनीकी संस्थानों के वैज्ञानिकों की टीमें गांव-गांव पहुंचकर किसानों को खेती के उन्नत तरीकों, वैज्ञानिक सलाह और शासन की योजनाओं की जानकारी देंगी।

अभियान के दौरान खरीफ मौसम की प्रमुख फसलों से जुड़ी आधुनिक तकनीकों, मृदा स्वास्थ्य कार्ड के अनुसार फसलों के चयन और संतुलित खाद उपयोग, फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड सहित अन्य योजनाओं की विस्तृत जानकारी किसानों को दी जाएगी। इसके साथ ही किसानों से फीडबैक लेकर उनके नवाचारों को अनुसंधान की दिशा देने का कार्य भी किया जाएगा।

जिले में तीन टीमों का गठन किया गया है, जो प्रतिदिन 6 ग्राम पंचायतों में शिविर आयोजित करेंगी। इस प्रकार कुल 78 ग्राम पंचायतों में अभियान के अंतर्गत शासन की योजनाओं और तकनीकों की जानकारी सीधे किसानों तक पहुंचेगी। इन टीमों में कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन एवं मत्स्य विभाग के अधिकारी, कृषि विज्ञान केन्द्र एवं आईसीएआर के वैज्ञानिक, एफपीओ-एफआईजी प्रतिनिधि, प्रगतिशील किसान, कृषि उद्यमी, ड्रोन दीदी एवं लखपति दीदी शामिल किए गए हैं। अभियान में धान की सीधी बुवाई (डीएसआर), सोयाबीन की उन्नत खेती, प्राकृतिक खेती, ड्रोन तकनीक का प्रदर्शन और आईसीटी टूल्स के माध्यम से किसानों को जागरूक किया जाएगा।

किसानों के साथ सीधे संवाद के दौरान वैज्ञानिक न केवल तकनीकी जानकारी देंगे, बल्कि उनकी समस्याओं को भी सुनेंगे और समाधान सुझाएंगे। वहीं, इस अभियान के सुचारू संचालन हेतु उप संचालक कृषि कार्यालय में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। शुभारंभ अवसर पर कृषि विभाग के उप संचालक अमीत कुमार मोहंती, पशु चिकित्सा सेवाओं के उप संचालक एस.के. मिश्रा, कृषि विज्ञान केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख बी.पी. त्रिपाठी, डिप्टी प्रोजेक्ट डायरेक्टर (आत्मा) सुशील कुमार वर्मा सहित कृषि विभाग, फसल बीमा टीम एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

 

 

 

Avatar photo

By Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।

You missed