बेमेतरा 04 जून 2025:- भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा प्रत्येक वर्ष असाधारण प्रतिभा के धनी बच्चों को मान्यता देने हेतु प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार प्रदान किया जाता है। वर्ष 2025 के लिए इस प्रतिष्ठित पुरस्कार हेतु ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2025 है। यह पुरस्कार बहादुरी, खेल, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, नवाचार, सामाजिक सेवा, कला-संस्कृति, और पर्यावरण जैसे विविध क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले बच्चों को प्रदान किया जाता है। विजेताओं को नई दिल्ली में आयोजित एक विशेष समारोह में माननीय राष्ट्रपति द्वारा पदक, प्रमाणपत्र और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाता है।

पुरस्कार के लिए पात्रता की शर्त यह है कि बच्चा भारतीय नागरिक हो, भारत में निवास करता हो, और 31 जुलाई 2025 को उसकी आयु 5 वर्ष से अधिक एवं 18 वर्ष से कम होनी चाहिए। आवेदन केवल पोर्टल https://awards.gov.in पर ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। पोर्टल 1 अप्रैल 2025 से लाइव कर दिया गया है।

नई दिशा-निर्देशों के तहत राज्य सरकार, जिला कलेक्टर/जिला मजिस्ट्रेट, पंचायती राज संस्थान, शहरी स्थानीय निकाय तथा शैक्षणिक संस्थान भी असाधारण प्रदर्शन एवं योगदान देने वाले पात्र बच्चों के नामांकन भेज सकते हैं।

जिले के पात्र बच्चों एवं उनके अभिभावकों से आग्रह है कि वे समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर इस महत्वपूर्ण अवसर का लाभ उठाएं। पुरस्कार संबंधी विस्तृत जानकारी के लिए https://awards.gov.in पोर्टल पर संपर्क किया जा सकता है।

 

 

 

Avatar photo

By Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।