बेमेतरा, 04 जून 2025: छत्तीसगढ़ शासन एवं दाऊ वासुदेव चन्द्राकर कामधेनू विश्वविद्यालय द्वारा ग्राम चोरभट्टी में संचालित शासकीय डेयरी पॉलीटेक्निक महाविद्यालय में कक्षा 12वीं में गणित एवं बायोलॉजी विषयों से उत्तीर्ण विद्यार्थियों को मेरिट सूची के आधार पर प्रवेश की अनुमति दी गई है।

यह निर्णय जिले एवं प्रदेश के उन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, जिन्हें 12वीं कक्षा में गणित अथवा बायोलॉजी विषय के साथ उत्तीर्ण होने के बाद तकनीकी शिक्षा के उचित अवसरों की कमी का सामना करना पड़ता था।

गौरतलब है कि चोरभट्टी स्थित इस डेयरी पॉलीटेक्निक महाविद्यालय का द्विवर्षीय (चार सेमेस्टर) पाठ्यक्रम, डेयरी उद्योग की तेजी से बढ़ती आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों को व्यावसायिक एवं तकनीकी दक्षता प्रदान करता है। इस कोर्स को पूरा करने वाले छात्रों को न केवल रोजगार एवं स्वरोजगार के बहुआयामी अवसर प्राप्त होते हैं, बल्कि प्रदेश के शासकीय, अर्धशासकीय एवं निजी डेयरी संस्थानों को भी स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध होते हैं, जिससे बाहरी राज्यों पर निर्भरता कम होती है।

वर्तमान में इस महाविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ है। कक्षा 12वीं में गणित एवं बायोलॉजी विषयों से उत्तीर्ण विद्यार्थी इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाकर डेयरी सेक्टर में अपना उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित कर सकते हैं।

अधिक जानकारी एवं प्रवेश से संबंधित परामर्श के लिए विद्यार्थी निम्नलिखित मोबाइल नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं:

8964844803, 9340291259, 7000231858, 7000240762, 9098360150

 

 

Avatar photo

By Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।