मुंगेली, 27 जनवरी 2026 । छत्तीसगढ़ शासन की दूरदर्शी नीतियों और स्थानीय सहभागिता से नगर पंचायत सरगांव क्षेत्र में विकसित शहरी गौठान से जहां एक ओर पशुओं से होने वाले हादसे घटे हैं। वहीं दूसरी ओर गौठान में पशुओं को सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण मिल रहा है। शासन द्वारा स्वीकृत 19 लाख रुपये की राशि से नगर के वार्ड क्रमांक 02 में लगभग 03 एकड़ क्षेत्रफल में इस गौठान का निर्माण किया गया, जिसने न केवल पशु-संरक्षण को सुदृढ़ किया, बल्कि सामाजिक सहभागिता और जनकल्याण का भी नया अध्याय जोड़ा। गौठान निर्माण के दौरान तय मानकों के अनुरूप शेड, कोटना एवं पेयजल व्यवस्था हेतु बोर खनन जैसे आवश्यक कार्य संपादित किए गए, जिससे पशुओं के लिए सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण सुनिश्चित हुआ। वर्तमान में इस गौठान का संचालन समिति के सदस्यों द्वारा किया जा रहा है, जिसमें समिति के 25 सक्रिय सदस्य, विशेषकर युवा साथी, पूरी निष्ठा से सेवा कार्य में जुटे हुए हैं।नगर पंचायत के सीएमओ ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग एवं नगर क्षेत्र की सड़कों पर विचरण करने वाले लगभग 270 बेसहारा गौवंश को इस गौठान में सुरक्षित रखकर उनकी नियमित देखभाल की जा रही है। इससे न केवल पशुओं को संरक्षण मिला है, बल्कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में भी उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है, जो इस पहल की सामाजिक उपयोगिता को रेखांकित करती है। नगर पंचायत सरगांव द्वारा बाउंड्री हेतु लगाई गई जाली तार एवं समय-समय पर किए जा रहे रखरखाव कार्यों से गौठान की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ हुई है। गौवंश के चारे की व्यवस्था नगर के जनप्रतिनिधियों, कार्यालय स्टाफ तथा सेवा समिति के सदस्यों के सहयोग से की जाती है। गौवंश के स्वास्थ्य को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते पशु चिकित्सालय से तुरंत संपर्क कर उपचार उपलब्ध कराया जाता है। इसके अतिरिक्त, नगर के हाट बाजारों एवं आसपास की सब्ज़ी मंडियों से फल-सब्ज़ियाँ लाकर संतुलित आहार की व्यवस्था भी नियमित रूप से की जाती है। Post navigationकलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कलेक्टोरेट में फहराया तिरंगा जनदर्शन: मांगों एवं समस्याओं से संबंधित 110 आवेदन प्राप्त हुए