मुंगेली । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नगर पालिका परिषद मुंगेली अंतर्गत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम स्थित पुष्पवाटिका उद्यान के पास नवनिर्मित “अटल परिसर” का विधिवत लोकार्पण किया। उन्होंने भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रतिमा का अनावरण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए और उनकी देशभक्ति से परिपूर्ण कविताओं का श्रवण कर उन्हें याद किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अटल परिसर, पूर्व प्रधानमंत्री वाजपेयी की राष्ट्र सेवा, विकास दृष्टिकोण और आदर्श मूल्यों को भावी पीढ़ी तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा, “यह परिसर केवल एक स्मारक नहीं, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देने वाला केंद्र बनेगा।“ मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य के सभी नगरीय निकायों में ऐसे अटल परिसरों की स्थापना का उद्देश्य श्रद्धेय अटल बिहारी बाजपेयी के विचारों एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान से आमजन को परिचित कराना है।

मुंगेली में 30 लाख की लागत से हुआ अटल परिसर का निर्माण

नगर पालिका परिषद मुंगेली द्वारा लगभग 30 लाख रुपये की लागत से निर्मित अटल परिसर में कुल 1130 वर्गफीट क्षेत्र में विकास कार्य किए गए हैं। अटल जी की प्रतिमा हेतु 280 वर्गफीट में विशेष चबूतरे का निर्माण किया गया है। परिसर में उनके विचारों, कविताओं एवं विकास योजनाओं से संबंधित जानकारी प्रदर्शित की गई है। लोकार्पण के अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले सहित प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

Avatar photo

By Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।