बेमेतरा 20 जून 2025 । महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बीते दिवस पीएम स्वामी आत्मानंद शासकीय इंग्लिश मीडियम स्कूल, शिवलाल राठी में बाल संरक्षण को लेकर एक महत्वपूर्ण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विभागीय टीम द्वारा प्रोजेक्टर के माध्यम से छात्र-छात्राओं को बाल संरक्षण, बाल विवाह की रोकथाम, बालिका शिक्षा, बालिका पोषण एवं बालिकाओं की सुरक्षा से संबंधित विषयों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

विशेष रूप से बच्चों को गुड टच और बैड टच की पहचान करने के लिए सरल एवं प्रभावी तरीके से समझाया गया ताकि वे किसी भी असुविधा या आपत्तिजनक स्थिति में स्वयं की रक्षा कर सकें। साथ ही, यदि किसी भी छात्र या छात्रा को संकट की स्थिति का सामना करना पड़े, तो वे चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर टोल फ्री कॉल कर तुरंत सहायता प्राप्त कर सकते हैं। इस हेल्पलाइन के माध्यम से बच्चों को गुप्त रूप से सहायता और परामर्श मुहैया कराया जाता है।

इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षकगण उपस्थित रहे एवं उन्होंने बच्चों को जागरूकता सत्र को गंभीरता से समझने और भविष्य में उसका व्यवहारिक प्रयोग करने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम ने बच्चों के मन में सुरक्षा, आत्मविश्वास और अधिकारों के प्रति जागरूकता की भावना को मजबूत किया।

विद्यालय प्रबंधन और महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा इस पहल की सराहना की गई और भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही गई, जिससे बच्चों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जा सके।

 

 

 

Avatar photo

By Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।