मुंगेली, 10 मार्च 2026 । कलेक्टर कुन्दन कुमार ने आज कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभा कक्ष में कलेक्टर कार्यालय के कर्मचारियों की बैठक ली। बैठक में कार्यालयीन व्यवस्था को बेहतर बनाने, समय पालन और कार्यों के त्वरित निराकरण पर विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर ने कहा कि मुख्य सचिव के निर्देशानुसार सभी कर्मचारी समय पर कार्यालय आएं और बायोमेट्रिक अटेंडेंस का अनिवार्य रूप से पालन करें। उन्होंने जिला मुख्यालय में निवास करने तथा नियमित रूप से कार्यालय आने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने ई-ऑफिस के माध्यम से अधिक से अधिक फाइलों का संचालन करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि इससे पुरानी फाइलों को ढूंढने में समय नहीं लगेगा और कार्यालय की कार्यप्रणाली भी पेपरलेस बनने की दिशा में आगे बढ़ेगी। उन्होंने कार्यालय परिसर को स्वच्छ और व्यवस्थित रखने पर भी जोर दिया।

कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सभी फाइलों का निराकरण समयबद्ध तरीके से किया जाए और किसी भी प्रकरण को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। उन्होंने कहा कि विधानसभा से संबंधित प्रश्नों के जवाब प्राथमिकता के आधार पर समय पर और सटीक तरीके से भेजे जाएं। बैठक में आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और पत्रकारों के साथ सौम्य एवं संयमित व्यवहार रखने की भी समझाइश दी गई। साथ ही महत्वपूर्ण दस्तावेजों की गोपनीयता बनाए रखने और अनधिकृत व्यक्तियों को दस्तावेज न दिखाने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कर्मचारियों को प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेने के लिए भी प्रोत्साहित किया। उन्होंने जल संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि पानी की बर्बादी न हो, यह सुनिश्चित किया जाए। खुले नलों को बंद किया जाए तथा खराब नलों की मरम्मत या बदलाव कराया जाए। उन्होंने सभी से अपने-अपने स्तर पर जल संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। बैठक में अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, डिप्टी कलेक्टर मायानंद चंद्रा सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी मौजूद रहे।

 

 

 

 

 

 

 

 

Avatar photo

By Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।

You missed