कवर्धा, 07 अक्टूबर 2025। कलेक्टर गोपाल वर्मा ने आज जिला कार्यालय के सभा कक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय सीमा की बैठक में शासन की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत संचालित निर्माण कार्यों की गहन समीक्षा की। उन्होंने जनमन योजना, एग्रीस्टेक परियोजना, डिजिटल क्रॉप सर्वे, गिरदावरी, जनप्रतिनिधियों की निधियों से स्वीकृत कार्यों सहित समस्त अधोसंरचना परियोजनाओं के प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने प्रधानमंत्री जनजातीय न्याय महाअभियान जनमन योजना के अंतर्गत बैगा जनजाति के लिए बन रहे आवासों की प्रगति पर विशेष ध्यान देते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि वनांचल क्षेत्रों में एक भी कार्य लंबित न रहे। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में तत्परता दिखाएं और आ रही समस्याओं का शीघ्र समाधान कर निर्धारित समय सीमा के भीतर आवास निर्माण पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि एक भी कार्य प्रारंभ रहित नहीं रहना चाहिए और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके। बैठक में जिला पंचायत सीईओ अजय कुमार त्रिपाठी, अपर कलेक्टर नरेंद्र पैकरा, विनय पोयाम, डिप्टी कलेक्टर आर.बी. देवांगन, सर्व एसडीएम सहित जिले के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

कलेक्टर गोपाल वर्मा ने राजस्व संबंधी समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देते हुए लंबित प्रकरणों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने जिले में लंबित सभी प्रकरणों की अद्यतन सूची तैयार कर क्रमबद्ध और पारदर्शी प्रक्रिया के तहत समाधान के लिए निर्देशित करते हुए कहा कि भूमि, सीमांकन, नामांतरण, बंटवारा जैसे मामलों में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। समय सीमा के बाहर कोई भी प्रकरण लंबित नहीं होना चाहिए। कलेक्टर ने जिले में स्वीकृत सिंचाई परियोजनाओं के अंतर्गत भूमि अधिग्रहण प्रकरणों की भी समीक्षा की। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित भूमि अधिग्रहण मामलों का त्वरित निपटारा सुनिश्चित करें ताकि निर्माण कार्यों में कोई बाधा उत्पन्न न हो।

कलेक्टर ने प्रभारी मंत्री, सांसद निधि, विधायक निधि एवं विभिन्न अनुशंसा से स्वीकृत विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता न हो। उन्होंने मिनी स्टेडियम, सीसी रोड, नाली निर्माण, मंच निर्माण और महतारी सदन जैसी घोषणाओं के क्रियान्वयन की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली और समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि इन कार्यों की स्थल निरीक्षण नियमित रूप से करें। कलेक्टर वर्मा ने एग्रीस्टेक परियोजना के अंतर्गत किसानों के फार्मर आईडी निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए जानकारी ली। उन्होंने कहा कि यह कार्य किसानों को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण है, जिससे उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे और पारदर्शी ढंग से प्राप्त हो सके। इसके अतिरिक्त, उन्होंने प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत स्वीकृत सड़क निर्माण कार्यों की प्रगति की भी जानकारी ली और निर्माण एजेंसियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि किसी भी कार्य में विलंब अथवा गुणवत्ता में कमी स्वीकार नहीं की जाएगी।

 

 

 

 

Avatar photo

By Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।