कवर्धा, 07 अक्टूबर 2025। कलेक्टर गोपाल वर्मा के संवेदनशील पहल और तत्पर निर्णय से तहसील सहसपुर लोहारा अंतर्गत ग्राम दनियाखुर्द के दुखग्रस्त परिवार को त्वरित राहत मिली है। 01 अक्टूबर 2025 को ग्राम दनियाखुर्द में आकाशीय बिजली गिरने से 12 वर्षीय नाबालिक बालक हीरालाल उर्फ हरीश साहू, पिता दिलेश्वर साहू की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मृत्यु हो गई थी। यह जानकारी मिलते ही कलेक्टर गोपाल वर्मा ने तत्काल संबंधित अधिकारियों को राहत की पूरी प्रक्रिया प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर वर्मा के पहल पर बालक के परिजनों को मात्र दो दिन में 4 लाख रुपए की सहायता राशि स्वीकृत कर राहत प्रदान की गई। यह जिले में प्रशासन की मानवीयता और त्वरित कार्यप्रणाली का उदाहरण बन गया है।

कलेक्टर गोपाल वर्मा के निर्देशानुसार नायब तहसीलदार सहसपुर लोहारा हुलेश्वर कुमार पटेल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पटवारी से घटना का पंचनामा और संपूर्ण रिपोर्ट एक ही दिन में तैयार कर एसडीएम कार्यालय के माध्यम से प्रकरण कलेक्टर कार्यालय को प्रेषित किया। प्रशासनिक तंत्र की इस तेज़ और प्रभावी कार्यवाही से आरबीसी 6(4) के तहत केवल दो दिवस के भीतर 4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की गई। आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर गोपाल वर्मा ने स्वयं मृतक बालक के पिता दिलेश्वर साहू को 4 लाख रुपए की सहायता राशि का चेक भेंट किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओं अजय कुमार त्रिपाठी, सहसपुर लोहरा एसडीएम शिल्पा देवांगन, डिप्टी कलेक्टर आरबी देवांगन, तहसीलदार हुलेश्वर पटेल सहित अधिकारी उपस्थित थे।

कलेक्टर गोपाल वर्मा ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि किसी भी परिवार पर आई विपत्ति को हम टाल नहीं सकते, लेकिन शासन की मंशा यही है कि प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता मिले और वे इस कठिन समय में स्वयं को अकेला न महसूस करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भविष्य में भी ऐसी किसी भी आपदा की स्थिति में राहत कार्यों में किसी प्रकार की देरी न हो।

 

 

Avatar photo

By Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।