बेमेतरा, 25 अप्रैल 2026:- छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार जिले में पंचायती राज दिवस के अवसर पर सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। जिला पंचायत बेमेतरा से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इन बैठकों में ग्रामों के समग्र विकास को लेकर विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा एवं योजना निर्माण किया गया।

ग्राम सभाओं में गांवों को आत्मनिर्भर एवं विकसित बनाने के उद्देश्य से विभिन्न विकास योजनाओं की रूपरेखा तैयार की गई। इस दौरान महिला स्व-सहायता समूहों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। उन्होंने “नया तरिया, कमाई के जरिया” अभियान के अंतर्गत आजीविका संवर्धन एवं स्वरोजगार के अवसरों पर विशेष रूप से अपने सुझाव प्रस्तुत किए।

बैठकों में जल संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए “पानी की हर बूंद को सहेजने” का संदेश दिया गया। इसके साथ ही आगामी वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए पूर्व तैयारियों, जल संरचनाओं के संरक्षण एवं समयबद्ध कार्य निष्पादन पर भी गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया।

स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर भी ग्राम सभाओं में विशेष जोर दिया गया। ग्रामीणों को घरों से निकलने वाले गंदे पानी के उचित निस्तारण, कूड़ा-करकट को इधर-उधर न फैलाने तथा गांव में साफ-सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया।

इसके अतिरिक्त, ग्राम पंचायतों में समर्थ पोर्टल के माध्यम से टैक्स पेयरों की एंट्री का कार्य भी प्रगति पर है। इससे पंचायतों की राजस्व व्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ-साथ कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

इस अवसर पर ग्रामवासियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई और ग्राम विकास से जुड़े निर्णयों में अपनी सक्रिय भूमिका सुनिश्चित की। पंचायती राज दिवस के इस आयोजन ने ग्रामीण क्षेत्रों में सहभागिता आधारित विकास को नई दिशा प्रदान की है।

 

 

 

 

 

 

 

Avatar photo

By Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।