बेमेतरा 12 मई 2025 । प्रदेश सरकार की “सुशासन तिहार 2025” पहल के अंतर्गत ना केवल आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है, बल्कि समाज के विशेष रूप से सक्षम वर्ग को भी सम्मान और सहयोग प्रदान किया जा रहा है। इसी कड़ी में बेमेतरा जिले के बेरला विकासखंड के ग्राम कोदवा में आयोजित समाधान शिविर में दो दिव्यांग हितग्राहियों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप ट्राय सायकल और बैटरी चलित ट्राय सायकल वितरित की गई।

इसके अंतर्गत ग्राम पंचायत भाटासोरही निवासी रामायण साहू, जो 45 प्रतिशत दिव्यांगता से ग्रसित हैं, को शिविर में साधारण ट्राय सायकल प्रदान की गई, जिससे वे अब स्वाभिमान के साथ अपने दैनिक कार्यों को संपादित कर सकेंगे। इसी तरह ग्राम पंचायत खुड़मुड़ा के 80 प्रतिशत दिव्यांगता से पीड़ित मनोज कुमार देवांगन को बैटरी चालित ट्राय सायकल प्रदान की गई, जो उनके जीवन में सुविधा, गतिशीलता और आत्मविश्वास का नया संचार करेगी।

प्रदेश सरकार के इस सहयोग से अभिभूत दोनों हितग्राहियों और उनके परिजनों ने छत्तीसगढ़ शासन और बेमेतरा जिला प्रशासन के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त की। उनका कहना था कि पहले वे दूसरों पर आश्रित थे, लेकिन अब यह सहायता उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर दे रही है। राज्य शासन द्वारा की गई यह पहल मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के “सबका साथ, सबका विकास” और “किसी को भी शासन की योजनाओं से वंचित न रहने देने” की नीति का जीवंत उदाहरण है। सुशासन तिहार जैसे आयोजन यह सिद्ध करते हैं कि राज्य सरकार जरूरतमंदों तक सीधे पहुँचकर उन्हें संबल प्रदान कर रही है।शिविर के दौरान अधिकारियों ने यह भी आश्वस्त किया कि भविष्य में भी दिव्यांग हितग्राहियों की आवश्यकताओं का ध्यान रखा जाएगा और उन्हें राज्य सरकार की समस्त योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से दिलाया जाएगा।

 

 

Avatar photo

By Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।