बेमेतरा, 2 जनवरी 2026 । राज्य सरकार द्वारा समर्थन मूल्य पर संचालित धान खरीदी व्यवस्था किसानों के लिए राहत और विश्वास का माध्यम बनती जा रही है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत जिले में धान खरीदी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, सुगम और किसान-केंद्रित रूप में संचालित की जा रही है, जिसका सकारात्मक प्रभाव ग्रामीण अंचलों में स्पष्ट रूप से देखने को मिल रहा है।

इसी क्रम में सेवा सहकारी समिति मर्यादित बीजाभाट, उपकेंद्र बसनी के माध्यम से किसान ईश्वर यदु ने इस वर्ष 264 क्विंटल धान समर्थन मूल्य पर विक्रय किया। उन्होंने खरीदी केंद्र पर मिली व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए बताया कि इस बार धान बेचने की पूरी प्रक्रिया पहले की तुलना में कहीं अधिक सहज और व्यवस्थित रही।

ईश्वर यदु ने बताया कि ऑनलाइन टोकन प्रणाली के कारण उन्हें तय समय पर केंद्र पहुंचने की सुविधा मिली, जिससे अनावश्यक प्रतीक्षा और भीड़ की समस्या से बचाव हुआ। केंद्र पर पहुंचते ही धान की माप-तौल सुचारू रूप से की गई और कर्मचारियों द्वारा पूरा सहयोग प्रदान किया गया। उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी होने से किसानों में भरोसा बढ़ा है और किसी भी प्रकार की शंका नहीं रहती।

ईश्वर यदु के अनुसार, समय पर मिलने वाला भुगतान किसानों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि इससे खेती-किसानी से जुड़े आवश्यक खर्च समय पर पूरे किए जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि धान विक्रय से प्राप्त राशि का उपयोग वे कृषि कार्यों को बेहतर बनाने, खाद-बीज की खरीद तथा पारिवारिक आवश्यकताओं की पूर्ति में करते हैं। उनका कहना है कि जब भुगतान समय पर मिलता है, तो किसानों को कर्ज या अन्य परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ता।

उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार द्वारा धान खरीदी व्यवस्था में किए गए सुधार वास्तव में किसानों के हित में हैं। पारदर्शी प्रणाली, त्वरित तौल और अधिकारियों की सतत निगरानी ने किसानों को बड़ी राहत दी है।

बीजाभाट उपकेंद्र बसनी में धान बेचने आए अन्य किसानों ने भी खरीदी व्यवस्था को संतोषजनक बताया। किसानों का कहना है कि इस वर्ष केंद्रों पर व्यवस्था सुव्यवस्थित है, कर्मचारी सहयोगी हैं और किसी भी समस्या का समाधान तुरंत किया जा रहा है। डिजिटल रिकॉर्ड और नियमित निरीक्षण से पूरी प्रणाली विश्वसनीय बनी है।जिला प्रशासन द्वारा किए गए इन प्रयासों से न केवल किसानों की आय में वृद्धि हो रही है, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है। किसान उम्मीद जता रहे हैं कि भविष्य में भी ऐसी ही पारदर्शी, विश्वसनीय और किसान-हितैषी धान खरीदी व्यवस्था निरंतर जारी रहेगी।

 

 

 

 

 

 

Avatar photo

By Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।