मुंगेली, 25 दिसंबर 2025 । भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती के अवसर पर सुशासन दिवस के रूप में जिले में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी कड़ी में नगर पंचायत बरेला में अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा एवं अटल परिसर का वर्चुअल लोकार्पण किया गया। रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

नगर पंचायत बरेला में हाई स्कूल के समीप आयोजित भव्य कार्यक्रम में 19 लाख 95 हजार रुपये की लागत से निर्मित अटल परिसर एवं भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी की मूर्ति का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

इस अवसर पर मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले, कलेक्टर कुन्दन कुमार, जिला पंचायत मुंगेली के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रभाकर पांडेय, नगर पंचायत बरेला के अध्यक्ष नरेश पटेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनके योगदान को नमन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक पुन्नूलाल मोहले ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी अपने नाम की तरह विचारों और निर्णयों में भी अटल थे। उन्होंने सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं किया और भारत की आवाज को अंतरराष्ट्रीय मंच पर मजबूती से स्थापित किया। विधायक मोहले ने कहा कि अटल जी का जीवन और नेतृत्व आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए आम नागरिकों से अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की।

कलेक्टर कुन्दन कुमार ने कहा कि स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी का जीवन, उनके विचार और काव्य रचनाएं आज भी समाज को प्रेरित करती हैं। उन्होंने कहा कि अटल जी की कविताओं में राष्ट्रप्रेम, संवेदनशीलता और मानवीय मूल्यों की स्पष्ट झलक मिलती है। कलेक्टर ने बताया कि 25 दिसंबर को अटल बिहारी वाजपेयी जी के जन्मदिवस को “सुशासन दिवस” के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना जैसी कई महत्वपूर्ण योजनाएं अटल जी के कार्यकाल की देन हैं, जिनसे ग्रामीण भारत को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा गया।

नगर पंचायत बरेला के अध्यक्ष नरेश पटेल ने सभी उपस्थितजनों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी ने शिक्षा सहित अनेक क्षेत्रों में दूरदर्शी सोच के साथ कार्य किया। उन्होंने अटल जी की प्रसिद्ध पंक्तियों “कदम मिलाकर चलना होगा” का उल्लेख करते हुए आपसी सहयोग और समन्वय के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों द्वारा बच्चों को चॉकलेट भेंट कर खुशियां साझा की गईं। इस अवसर पर एसडीएम अजय शतरंज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में राष्ट्रभक्ति, सुशासन और विकास के संदेश के साथ अटल बिहारी वाजपेयी जी के विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया गया।

 

 

 

 

 

 

Avatar photo

By Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।