कवर्धा, 20 जून 2025। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2025 के अवसर पर कबीरधाम जिले में 21 जून को भव्य सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन जिला प्रशासन कबीरधाम के तत्वावधान में पी.जी. कॉलेज डोम मैदान, कवर्धा में प्रातः 7 बजे से आयोजित होगा, जिसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, नागरिकों, युवाओं और विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी रहेगी। इस महत्वपूर्ण अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहेंगे और योग के महत्व को लेकर अपने विचार साझा करेंगे। वे नागरिकों को योग अपनाकर स्वस्थ जीवन की दिशा में प्रेरित करेंगे।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पंडरिया विधायक भावना बोहरा, जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वररी साहू, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चन्द्रवशी, और जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चन्द्रवंशी की गरिमामयी उपस्थिति भी सुनिश्चित है। यह आयोजन देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आव्हान पर “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग“ के संदेश को आत्मसात करते हुए किया जा रहा है। योग को केवल व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक, शारीरिक और आत्मिक संतुलन का माध्यम मानते हुए इसे जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में यह एक महाअभियान के रूप में आयोजित हो रहा है। कार्यक्रम स्थल पर “योगः कर्मसु कौशलम्” और “योग संगम एवं हरित योग” जैसे प्रेरणादायक नारों के साथ सहभागियों को योगाभ्यास कराया जाएगा। इसमें सूर्य नमस्कार, प्राणायाम, ध्यान और अन्य योग क्रियाएं शामिल होंगी। कलेक्टर गोपाल वर्मा ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस सामूहिक योग सत्र में भाग लेकर स्वस्थ राष्ट्र निर्माण की इस पहल में सहभागी बनें और योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं।

 

 

 

Avatar photo

By Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।