बेमेतरा 12 जून 2026 ।अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन राशि दिलाने के नाम पर कथित रूप से रिश्वत मांगने के मामले को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। शिकायत प्राप्त होने के बाद कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने मामले की जांच के लिए चार सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आवेदक विनय बंजारे, निवासी ग्राम सिंघनपुरी, जिला बेमेतरा द्वारा 11 जून 2026 को लिखित शिकायत प्रस्तुत की गई थी बाबू के विरुद्ध । शिकायत के आधार पर कलेक्टर कार्यालय द्वारा 12 जून 2026 को जांच समिति गठित करने का आदेश जारी किया गया।

जांच समिति में वित्त शाखा की प्रभारी अधिकारी दिव्या पोटाई, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास अभिषेक जायसवाल, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग चंद्रेश सिसोदिया तथा लीड बैंक अधिकारी सुशील सिंह को शामिल किया गया है।

जारी आदेश के अनुसार समिति शिकायत की जांच के साथ-साथ मार्च 2026 से वर्तमान तक जारी संबंधित प्रकरणों एवं पात्रता संबंधी दस्तावेजों की भी जांच करेगी। समिति को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्ट अभिमत सहित जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। उल्लेखनीय है कि अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन राशि से जुड़े एक प्रकरण में न्यायालय परिसर में पदस्थ एक कर्मचारी पर राशि स्वीकृत कराने के नाम पर धनराशि मांगने के आरोप लगाए गए हैं। मामले का वीडियो एवं अन्य तथ्य सामने आने के बाद प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश जारी किए हैं। अब सभी की नजरें जांच समिति की रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिसके आधार पर आगे की प्रशासनिक कार्रवाई तय की जाएगी |

 

 

 

 

Avatar photo

By Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।