मुंगेली, 02 फरवरी 2026।  छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना ग्रामीण युवाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का सशक्त माध्यम बन रही है। योजना के तहत विभिन्न कोर्स में युवाओं को प्रशिक्षण दिलाकर उन्हें स्वरोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। इसी कड़ी में जिले के ग्राम जल्दा निवासी जीवन सिंह बैगा ने कौशल प्रशिक्षण प्राप्त कर स्वरोजगार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। उन्होंने मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत जिला परियोजना लाइवलीहुड कॉलेज जमकोर में आईटी/आईटीईएस सेक्टर में डोमेस्टिक डाटा एंट्री ऑपरेटर कोर्स का प्रशिक्षण प्राप्त किया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान उन्हें कंप्यूटर, संबंधित उपकरणों तथा कार्य में उपयोग होने वाली सभी आवश्यक तकनीकी जानकारियाँ विस्तारपूर्वक सिखाई गईं।

बैगा ने बताया कि इस प्रशिक्षण की जानकारी एक प्रशिक्षण शिविर के माध्यम से प्राप्त हुई, जिसके पश्चात उन्होंने प्रशिक्षण से संबंधित सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को पूर्ण कर पात्रता प्राप्त की और सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूरा किया। प्रशिक्षण के दौरान मिले मार्गदर्शन और व्यवहारिक ज्ञान ने उन्हें आत्मनिर्भर बनने का आत्मविश्वास प्रदान किया। प्रशिक्षण उपरांत जीवन सिंह बैगा ने स्वरोजगार के रूप में सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) की स्थापना की। वर्तमान में वे इसी माध्यम से न केवल अपना बल्कि अपने परिवार का भी सफलतापूर्वक जीवन यापन कर रहे हैं। स्वरोजगार से उन्हें नियमित आय का स्रोत प्राप्त हुआ है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति एवं जीवनशैली में सुधार हुआ है। जीवन सिंह बैगा अपनी इस सफलता का श्रेय कौशल विकास विभाग, जिला परियोजना लाइवलीहुड कॉलेज जमकोर, मुंगेली, एवं इस योजना को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करने वाले जिला प्रशासन को देते हैं। वे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहते हैं कि यह योजना ग्रामीण युवाओं के लिए रोजगार एवं आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार बन रही है।

 

 

 

 

 

 

 

Avatar photo

By Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।