मुंगेली, 11 दिसम्बर 2025 । शासन के निर्देशानुसार तथा कलेक्टर कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 अंतर्गत धान खरीदी नियमानुसार, पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से जारी है। जिले में 66 समितियों के 105 खरीदी केन्द्रों में पंजीकृत किसानों की संख्या 01 लाख 10 हजार है। किसानों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए खरीदी केन्द्रों में व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। जिला प्रशासन के बेहतर प्रबंधन के कारण किसानों को खरीदी केंद्रों में धान विक्रय करने में किसी भी प्रकार की समस्या का सामना नहीं करना पड़ रहा है।

ग्राम गीधा उपार्जन केन्द्र पहुंचे किसान प्रदीप बंजारा ने बताया कि उन्हें एग्रीस्टैक पोर्टल पर पंजीयन कराने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था, जिसके कारण वे अपना धान विक्रय करने तथा शासन की कृषक योजनाओं का लाभ पाने से वंचित हो रहे थे, लेकिन मुंगेली जिला प्रशासन की सक्रिय सहायता से उनका पंजीयन एग्रीस्टैक में सफलतापूर्वक हो गया। अब वे न केवल आसानी से टोकन कटवा पाएंगे, बल्कि खरीदी केंद्र में धान विक्रय करने में भी उन्हें पूरी सहूलियत मिलेगी।

इसी क्रम में ग्राम रोहराखुर्द के किसान केदार सिंह राजपूत, जिन्होंने 129.20 क्विंटल धान का विक्रय गीधा उपार्जन समिति में किया है, उन्होंने खरीदी केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए बताया कि टोकन प्रक्रिया सरल है और इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन से तौल तेज एवं सटीक हो रही है। खरीदी केंद्रों में छाया, पेयजल, बैठक व्यवस्था सहित किसानों हेतु आवश्यक सुविधाएँ सुचारू रूप से उपलब्ध कराई गई हैं। दोनों किसानों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव तथा जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की स्पष्ट नीतियों, तकनीकी सहायता और प्रशासन की समयबद्ध कार्यवाही के कारण खरीदी प्रक्रिया पारदर्शी, सुगम और विश्वसनीय बनी है। इससे किसानों का विश्वास और उत्साह दोनों बढ़ा है।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री साय की मंशानुरूप शासन द्वारा 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है। साथ ही किसानों के लिए 21 क्विंटल प्रति एकड़ की सीमा निर्धारित की गई है। उचित मूल्य एवं समय पर खरीदी के कारण किसानों को अपनी मेहनत का उचित प्रतिफल प्राप्त हो रहा है, जिससे जिले भर के किसानों में सकारात्मक माहौल बना हुआ है।

 

 

 

 

 

 

 

Avatar photo

By Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।