कवर्धा, 22 जनवरी 2026 । कलेक्टर गोपाल वर्मा ने आज धान खरीदी केन्द्र दशरंगपुर का निरीक्षण करते हुए कहा कि जिले के सभी पात्र किसानों का धान खरीदा जाएगा और किसी भी किसान का धान खरीदी से नहीं छूटेगा। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पंजीयन, तकनीकी त्रुटि अथवा अन्य कारणों से धान बेचने में समस्या आने वाले किसानों की जानकारी ली। खाद्य अधिकारी ने बताया कि दशरंगपुर केन्द्र में तकनीकी कारणों से 2 किसानों के धान खरीदने में दिक्कत आ रही है। इस पर कलेक्टर वर्मा ने कहा कि जिले के सभी धान खरीदी केन्द्र में ऐसे किसानों की पहचान की जाए, जिनका किसी भी कारण से धान बेचने में समस्या आ रही है। उन्होंने निर्देश दिए कि समिति-वार एवं केन्द्र-वार सूची तैयार कर उसमें स्पष्ट रूप से यह उल्लेख किया जाए कि किसानों को किन कारणों से धान बेचने में दिक्कत आ रही है।

कलेक्टर ने कहा कि जिले के किसी भी धान खरीदी केन्द्र में यदि कोई किसान धान विक्रय से छूट गया है, तो उसकी संपूर्ण जानकारी समिति स्तर पर संधारित की जाए। सूची में यह भी दर्ज किया जाए कि किसान कैरी फॉरवर्ड, रकबा संशोधन, नया पंजीयन अथवा एग्रीस्टेक से संबंधित किस समस्या के कारण धान बेचने में दिक्कत हो रही है। उन्होंने कहा कि सभी वास्तविक कारणों की पुष्टि के बाद इन किसानों की सूची उच्च स्तर पर भेजी जाएगी, ताकि शासन स्तर पर आवश्यक कार्रवाई कर समाधान निकाला जा सके। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सभी धान खरीदी केन्द्रों के नोडल अधिकारी एवं तहसीलदार उन किसानों की सूची तैयार करें जिनका किसी कारण धान बेचने के लिए समस्या आ रही है।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने धान की स्टैकिंग व्यवस्था देखी और धान की गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने धान उठाव की जानकारी ली और लगातार धान उठाव करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने किसानों के रकबा समर्पण की स्थिति की समीक्षा करते हुए कहा कि अधिक से अधिक रकबा समर्पण कराया जाए, ताकि धान खरीदी की प्रक्रिया सुचारू रूप से चल सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों से जुड़ी हर समस्या का प्राथमिकता से निराकरण किया जाए। खाद्य अधिकारी सचिन मरकाम ने बताया कि अब तक 21 हजार 58 किसानों ने 623.2374 हेक्टेयर रकबा समर्पण कर दिया है। निरीक्षण के दौरान सीसीबी नोडल आरपी मिश्रा, खाद्य निरीक्षक अमित द्धिवेदी सहित अधिकारी उपस्थित थे।

 

 

 

 

 

Avatar photo

By Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।

You missed