मुंगेली, 15 नवंबर 2025 । बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर ग्राम बंधवा स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित किया। ग्राम बंधवा में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले शामिल हुए।

विधायक मोहले ने जनजातीय समुदाय को बधाई देते हुए धरती आबा बिरसा मुंडा के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा ने जनजातीय समाज के उत्थान और अधिकारों की रक्षा के लिए ऐतिहासिक कार्य किया, इसलिए उन्हें धरती का पुत्र कहा जाता है।विधायक मोहले ने कहा कि आदिवासी समाज के गौरवशाली इतिहास और संस्कृति को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार द्वारा अनेक कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में आदिवासी विकास प्राधिकरण, पीएम जनमन, पीएम आदर्श ग्राम योजना, आयुष्मान भारत योजना सहित कई योजनाओं से प्रदेश की जनजातीय आबादी को व्यापक लाभ मिल रहा है। उन्होंने इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के संदेश का वाचन कर सुनाया।

कलेक्टर कुन्दन कुमार ने विद्यार्थियों को अपनी अभिरुचि के अनुसार लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन सबसे महत्वपूर्ण होता है, इसलिए बच्चों को चाहिए कि वे अपने शिक्षकों का सम्मान करें और प्राप्त होने वाली गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का पूरा लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि एकलव्य विद्यालय में बच्चों का चयन कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद होता है, जो उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण अवसर है। विद्यालय में लैब, लाइब्रेरी और अन्य शैक्षणिक सुविधाएं लगातार उन्नत की जा रही हैं, जिसका विद्यार्थियों को पूरा उपयोग करना चाहिए। कलेक्टर ने बच्चों को मेहनत, लगन और निरंतर अभ्यास से अपने सपनों को साकार करने की प्रेरणा देते हुए सभी को जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में जनजातीय संस्कृति, प्रेरक प्रसंगों और बिरसा मुंडा के जीवन से जुड़ी जानकारी प्रस्तुत की गई। अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पांडेय, लोरमी एसडीएम अजीत पुजारी सहित संबंधित अधिकारी, स्कूल के प्राचार्य, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।

 

 

 

 

 

 

 

Avatar photo

By Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।