
मुंगेली, 17 दिसम्बर 2025 । शासन के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में जिले के 66 समितियों के 105 खरीदी केन्द्रों में पंजीकृत 01 लाख 10 हजार किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी सुचारू रूप से पारदर्शिता के साथ जारी है। अब तक 17 लाख 94 हजार क्विंटल से अधिक धान की खरीदी की जा चुकी है, इनमें मोटा 10 लाख 18 हजार 713 क्विंटल, पतला 135 क्विंटल और सरना 07 लाख 75 हजार 246 क्विंटल धान शामिल है। खरीदी केन्द्रों से धान उठाव कार्य भी लगातार जारी है। अब तक 03 लाख 80 हजार क्विंटल से अधिक धान का उठाव किया जा चुका है।
खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 अंतर्गत धान की खरीदी व्यवस्था को सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाने के लिए एवं किसानों को आसान भुगतान सुविधा प्रदान करने के लिए पूरी तत्परता से कार्य किया जा रहा है। धान खरीदी के 03 दिन के अंदर ही किसानों के खाते में राशि का भुगतान किया जा रहा है। अब तक 39 हजार 985 किसानों को 426 करोड़ 61 लाख से अधिक राशि का भुगतान किया जा चुका है। जिले के कुल 10 सहकारी बैंकों के माध्यम से प्रतिदिन लगभग 02 हजार किसानों को 07 करोड़ रूपए से अधिक राशि का भुगतान किया जा रहा है। साथ ही सभी 66 समितियों में माइक्रो एटीएम के माध्यम से प्रतिदिन 20 हजार रूपए तक का नगद भुगतान किया जा रहा है। आसान भुगतान के लिए जिले के 27 हजार से अधिक किसानों को एटीएम कार्ड की सुविधा प्रदान की गई है एवं चेक बुक का वितरण भी किया जा रहा है।
कलेक्टर के निर्देशानुसार अवैध धान भंडारण एवं परिवहन को रोकने जिले की सीमाओं एवं चेक पोस्ट पर चौकसी को और मजबूत करते हुए 24 घंटे निगरानी की जा रही है। इसके तहत संदिग्ध वाहनों परिवहन गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सभी आंतरिक चेक पोस्ट पर भी टीमों को तैनात किया गया है। निगरानी दल द्वारा रात्रिकालीन गश्त के साथ ही संदिग्ध वाहनों की सघन जांच की जा रही है। कोचियों एवं बिचौलियों के माध्यम से अवैध रूप से धान खपाने की घटनाओं पर रोक लगाने की इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से धान खरीदी की पूरी प्रक्रिया की निगरानी की जा रही है।




