मुंगेली, 02 फरवरी 2026 । राज्य शासन की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना जिले में युवाओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम बन रही है। यह योजना न केवल उन्हें हुनरमंद बना रही है, बल्कि उन्हें आत्मविश्वास, स्वाभिमान और आर्थिक स्वतंत्रता की ओर अग्रसर कर रही है। इस योजना के माध्यम से जिले में कौशल विकास, रोजगार सृजन और आर्थिक सशक्तिकरण को नई गति मिल रही है तथा युवाओं को आत्मनिर्भर, दक्ष और रोजगारोन्मुखी बनाने की दिशा में विशेष पहल के रूप में साबित हो रही है।

वर्तमान में जिले के 360 से अधिक युवा लाइवलीहुड कॉलेज मुंगेली एवं विभिन्न निजी प्रशिक्षण संस्थानों के माध्यम से अलग-अलग सेक्टर एवं ट्रेड में कौशल प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। यह प्रशिक्षण न केवल युवाओं को रोजगार के लिए तैयार कर रहा है, बल्कि उन्हें भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप दक्ष मानव संसाधन के रूप में भी विकसित कर रहा है। जल जीवन मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न जनपदों से चिन्हांकित 210 युवाओं को जल वितरण संचालक का विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित एवं सतत पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलेगी, साथ ही प्रशिक्षित युवाओं को स्थायी आजीविका के अवसर भी प्राप्त होंगे।

इसी क्रम में श्रम विभाग में पंजीकृत 60 युवाओं को इलेक्ट्रीशियन ट्रेड में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह प्रशिक्षण युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाकर उन्हें निजी एवं सार्वजनिक क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने में सहायक सिद्ध हो रहा है। इसके अतिरिक्त, जिले में युवाओं की मांग और रोजगार की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए हेल्थकेयर सेक्टर में जनरल ड्यूटी असिस्टेंट तथा इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर में मोबाइल फोन हार्डवेयर रिपेयर टेक्नीशियन जैसे रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों में भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। ये पाठ्यक्रम युवाओं को अल्प अवधि में व्यावहारिक कौशल प्रदान कर उन्हें शीघ्र रोजगार अथवा स्वरोजगार से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

 

 

 

 

 

 

 

Avatar photo

By Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।