विधायक ईश्वर साहू ने कहा सुशासन तिहार जनसेवा और पारदर्शिता का प्रभावी माध्यम

ग्राम स्तर पर समस्याओं का त्वरित निराकरण और योजनाओं का लाभ एक ही मंच से उपलब्ध – प्रभारी सचिव प्रसन्ना

बेमेतरा 16 मई 2025:-* सुशासन तिहार-2025 के अंतर्गत तीसरे चरण का समाधान शिविर आज जनपद पंचायत साजा के ग्राम पंचायत हाटरांका के हाई स्कूल भवन में आयोजित किया गया। हाटरांका क्लस्टर के अंतर्गत आने वाले 11 ग्राम पंचायत—दर्री, करमु, हाडाहुली, खपरी, पेंड्रीकला, श्यामपुरकांपा, हाटरांका, बरगा, चीचगांव, भनौरा और टेढ़ी—से बड़ी संख्या में ग्रामीण शिविर में शामिल हुए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में साजा विधायक ईश्वर साहू उपस्थित रहे। साथ ही जिले के प्रभारी सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना तथा कलेक्टर  रणबीर शर्मा उपस्थित थे | सुशासन तिहार के पहले चरण मे कुल 2148 आवेदन विभिन्न मांगों व शिकायतों से संबंधित प्राप्त हुए, जिनका द्वितीय चरण मे संबंधित विभागों द्वारा समाधान किया गया। विभागीय अधिकारियों ने आवेदनों के निराकरण की जानकारी जनसमूह के समक्ष पढ़कर सुनाई।

शासकीय योजनाओं का लाभ वितरण, ग्रामीणों को दी गई महत्वपूर्ण जानकारी
शिविर के दौरान ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का सीधा लाभ भी प्रदान किया गया। इसमें किसान किताब, जॉब कार्ड, और आयुष्मान कार्ड का वितरण प्रमुख रहा। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा “नोनी सुरक्षा योजना” और “प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना” के तहत लाभार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। साथ ही “सुकन्या समृद्धि योजना” के अंतर्गत लाभार्थी बालिकाओं को बैंक पासबुक प्रदान की गई। आयुष्मान कार्ड के वितरण से ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधा से जोड़ने में मदद मिलेगी। शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी साझा की, जिससे आमजन को शासन की योजनाओं से जुड़ने का अवसर मिला |  सुशासन शिविर ने ग्रामीणों को न केवल उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान का मंच प्रदान किया, बल्कि उन्हें सरकारी योजनाओं से लाभान्वित भी किया, जिससे सुशासन की भावना को और मजबूती मिली।
सुशासन शिविर मे मुख्य अतिथि के रुप मे साजा विधायक  ईश्वर साहू सम्मिलित हुये उन्होंने अपने उद्बोधन मे कहा की मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सुशासन की भावना को जमीन तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी कड़ी में आयोजित समाधान शिविर आमजन के लिए न केवल संवाद का सशक्त मंच बन रहे हैं, बल्कि यह समस्याओं के त्वरित समाधान और जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रभावी माध्यम भी बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार एक ऐसी पहल है, जिससे न केवल शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित हो रहा है, बल्कि शासन की पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशीलता भी लोगों को महसूस हो रही है।
विधायक  साहू ने उपस्थित ग्रामीणों से आग्रह किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में भाग लें और शासन की योजनाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने विशेष रूप से महतारी वंदन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इस योजना से माताओं-बहनों को आर्थिक संबल मिल रहा है और यदि किसी को इसमें या किसी अन्य योजना में समस्या हो तो वे सीधे कलेक्टर या अधिकारियों से संपर्क करें, ताकि तत्काल निराकरण सुनिश्चित किया जा सके। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा किसानों के हित में उठाए गए कदमों की जानकारी देते हुए धान खरीदी पर एकमुश्त राशि प्रदान किए जाने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है कि गांव-गांव तक विकास और कल्याण की योजनाएं पहुंचे, और कोई भी पात्र व्यक्ति योजना से वंचित न रह जाए। अंत में कहा कि सुशासन तिहार जैसे शिविरों के माध्यम से शासन की योजनाएं अब वास्तव में जन-जन तक पहुंच रही हैं और ग्रामीण क्षेत्रों में इनका सकारात्मक प्रभाव दिख रहा है। यह प्रयास ग्रामीण विकास की दिशा में एक मील का पत्थर साबित हो रहा है।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि  ईश्वर साहू ने जनसमूह को जल संरक्षण की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पानी की समस्या गंभीर होती जा रही है, जिसे लेकर हम सभी को सामूहिक रूप से जागरूक और सक्रिय होना होगा। मंत्री  बघेल ने कहा कि जल ही जीवन है, और इसका संरक्षण केवल शासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों से आह्वान किया कि वे अपने घर, खेत और गांव में जलस्रोतों की रक्षा करें, जल का विवेकपूर्ण उपयोग करें और वर्षा जल संचयन को बढ़ावा दें।
समाधान शिविर में प्रभारी सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना ने स्पष्ट किया की शासन का उद्देश्य सिर्फ समस्याओं की संख्या के आधार पर निराकरण नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति की बात सुनी जाए और उसे उसकी पात्रता के अनुरूप योजना का लाभ मिले। डॉ. प्रसन्ना ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड में नाम जोड़ने, और स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण जैसे मामलों का निराकरण वार्षिक बजट और प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इन आवेदनों की गहन जांच और परीक्षण कर ही निर्णय लिए जाएंगे ताकि पात्र व्यक्ति को ही लाभ मिल सके | उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन ने यह समझा है कि जो वरिष्ठ नागरिक जिला मुख्यालय नहीं आ पाते, जिससे उनकी समस्याएं अनसुलझी रह जाती हैं। ऐसे में गांव-गांव में आयोजित समाधान शिविर आमजन के लिए वरदान साबित हो रहे हैं, जहां वे सीधे संबंधित विभागों को आवेदन देकर अपनी समस्याओं का समाधान पा सकते हैं।
उन्होंने कहा, “संख्या नहीं, गुणवत्ता हमारे लिए मायने रखती है। निराकरण ऐसा होना चाहिए कि ग्रामीणजन को विश्वास हो कि प्रशासन उनके साथ है। हमने तय किया है कि बीच-बीच में हम शिविरों का दौरा कर फीडबैक भी लेंगे, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि वास्तव में समाधान हो रहा है।”
कलेक्टर  रणबीर शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि सुशासन तिहार का मुख्य उद्देश्य आमजन की छोटी-बड़ी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि शासन की संवेदनशीलता और जवाबदेही जमीनी स्तर पर महसूस की जा सके। उन्होंने बताया कि बीते एक माह के दौरान जिले में प्राप्त सभी आवेदनों का निराकरण किया गया है। उन्होंने उपस्थित माताओं-बहनों से संवाद करते हुए “मुख्यमंत्री महतारी वंदन योजना” का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि “आप सभी को महतारी वंदन की राशि प्राप्त हो रही होगी, यह एक सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम है। यह धनराशि आप सभी की आर्थिक स्वतंत्रता और परिवार की जरूरतों के लिए है, इसलिए इसका समुचित उपयोग करें और इसे सहेजकर रखें।”
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओं टेकचंद अग्रवाल, जिला पंचायत सदस्य देवी परमेश्वर वर्मा, हाटराका के सरपंच देवराज वर्मा, साजा जनपद अध्यक्ष जितेंद्र साहू, जनपद सदस्य खिलेश्वरी रवि निषाद, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि ओम प्रकाश जोशी सहित जिले के समस्त अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे |

Avatar photo

By Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।

You missed