छत्तीसगढ़बेमेतरा

ग्राम गुधेली में “सुशासन तिहार 2025” अंतर्गत भव्य समाधान शिविर का आयोजन

बेमेतरा, 30 मई 2025:- छत्तीसगढ़ शासन की अभिनव पहल “सुशासन तिहार 2025” के अंतर्गत बेरला जनपद के ग्राम गुधेली में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक दीपेश साहू रहे, जिनकी उपस्थिति ने शिविर की गरिमा और प्रभावशीलता को नई ऊंचाई प्रदान की। शिविर का मुख्य उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाना और ग्रामीण नागरिकों की समस्याओं का समाधान करना है । इस अवसर पर 5वीं, 8वीं, 10वीं एवं 12वीं कक्षा के मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र, मोमेंटो एवं प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया।

14 ग्राम पंचायतों के हजारों ग्रामीणों की भागीदारी

ग्राम गुधेली क्लस्टर की 14 ग्राम पंचायतों मे गुधेली, बोरसी, गोंडगिरी, खमतराई, गाड़ामोड़, खंगारपाठ, कोहडिया, कंडरका, खुडमुड़ी, बेरलाकला, भालेसर, लाटा, उफरा, हरदी के ग्रामीणों ने शिविर में बढ़-चढ़कर भाग लिया। शिविर में कुल 7687 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 7666 आवेदनों का त्वरित निराकरण कर प्रशासन ने अपनी संवेदनशीलता और सक्रियता का परिचय दिया।

विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत सामग्री एवं लाभों का वितरण

शिविर के दौरान पात्र हितग्राहियों को किसान किताब, जॉब कार्ड, आयुष्मान कार्ड, मछली जाल, और बैंक पासबुक आदि का वितरण किया गया।

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा “नोनी सुरक्षा योजना” और “प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना” के अंतर्गत प्रमाण पत्र वितरित किए गए। “सुकन्या समृद्धि योजना” के अंतर्गत लाभार्थी बालिकाओं को बैंक पासबुक प्रदान की गई।

इस अवसर पर अन्नप्राशन संस्कार का आयोजन भी किया गया और गर्भवती महिलाओं को पोषण किट प्रदान की गईं। शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी साझा की, जिससे ग्रामीणों को योजनाओं से सीधा जुड़ने का अवसर मिला।

शिविर में वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

शिविर के समापन पर विधायक दीपेश साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने वृक्षारोपण किया और आम नागरिकों से अधिक संख्या में पौधरोपण कर जल संवर्धन एवं स्वच्छ पर्यावरण की दिशा में योगदान देने की अपील की। विधायक दीपेश साहू ने शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि यह केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता की सेवा का सशक्त माध्यम है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में पहली बार इस तरह के समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि शासन की योजनाएं हर गांव और हर व्यक्ति तक पहुंच सकें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 18 लाख आवास स्वीकृत किए गए हैं, जो वर्षों से लंबित थे।

महिलाओं को “महतारी वंदन योजना” के तहत ₹1000 प्रतिमाह की आर्थिक सहायता दी जा रही है। धान की खरीदी ₹3100 प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है। भूमिहीन कृषि मजदूरों को ₹10,000 वार्षिक सहायता और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को ₹6000 वार्षिक सहायता दी जा रही है।

विधायक साहू ने ग्रामीणों से अपील की कि वे इन शिविरों में सक्रिय भागीदारी करें और शासन की योजनाओं का पूरा लाभ उठाएं। उन्होंने आश्वासन दिया कि अगर आपकी कोई समस्या रह जाती है तो बेहिचक मुझसे संपर्क करें, मैं आपका सेवक हूं और हर परिस्थिति में आपके साथ हूं। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य राहुल टिकरिहा, बेरला जनपद अध्यक्ष माधुरी रवि परगनिया, पोषण वर्मा, यशवंत वर्मा, सभी 14 ग्राम पंचायतों के सरपंचगण, जनप्रतिनिधिगण, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं सैकड़ों ग्रामवासी उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button