जांजगीर-चांपा, 17 फरवरी 2026 । कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर जिले के विभिन्न विभागों के कार्यों, समय सीमा के लंबित प्रकरणों एवं शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह, अपर कलेक्टर आर के तम्बोली, संयुक्त कलेक्टर संदीप सिंह ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर स्निग्धा तिवारी सहित जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

बैठक में कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि अवकाश पर जाने से पूर्व प्रत्येक अधिकारी अनिवार्य रूप से सक्षम अधिकारी से अनुमति प्राप्त करें तथा अपने स्थान पर लिंक अधिकारी की नियुक्ति सुनिश्चित करें, ताकि कार्यों की निरंतरता बनी रहे। अवकाश आवेदन में लिंक अधिकारी का नाम स्पष्ट रूप से अनिवार्य उल्लेखित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने राज्य शासन के निर्देशानुसार सभी अधिकारियों को मंगलवार एवं बुधवार को अनिवार्य रूप से कार्यालय में उपस्थित रहकर लंबित नस्तियों का निराकरण, विभागीय समीक्षा तथा आमजनता की समस्याओं के समाधान प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त राज्य शासन के निर्देशानुसार गुरुवार एवं शुक्रवार को मैदानी स्तरों पर योजनाओं की प्रगति का निरीक्षण करने कहा गया है। उन्होंने सभी अधिकारियों को शासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि जिले के स्कूलों में मेंडेटरी बायोमेट्रिक आधार अपडेशन हेतु स्कूलों में आयोजित विशेष आधार शिविर की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त कर कार्य में प्रगति लाने के निर्देश दिए। साथ ही कलेक्टर ने निर्धारित लक्ष्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर ने जिले के सभी शासकीय विद्यालयों में आवश्यक बालिका शौचालयों की जानकारी ली एवं प्रस्ताव प्रस्तुत करने कहा। साथ ही मरम्मत योग्य शौचालयों की सूची शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि आगामी जनगणना का कार्य महत्वपूर्ण कार्य है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रशिक्षण एवं आवश्यक तैयारियों को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कलेक्टर ने सभी नगर पालिका सीएमओ को एपीएल से बीपीएल में नाम शामिल करने हेतु प्राप्त आवेदनों की जांच कर प्रस्ताव प्रेषित करने के निर्देश दिए। साथ ही खाद्य विभाग को निर्देशित किया कि एक ही व्यक्ति द्वारा एक से अधिक स्थानों पर राशन दुकान का संचालन किया जा रहा है तो उस पर नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने गर्मी के मद्देनजर संभावित पेयजल संकट वाले क्षेत्रों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को अग्रिम तैयारी पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में पानी की समस्या उत्पन्न होती है, वहां आवश्यक संसाधनों एवं व्यवस्थाओं की तैयारी समय से पूर्व सुनिश्चित की जाए।

 

Avatar photo

By Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।