कवर्धा, 02 जून 2026। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल, रायपुर द्वारा आयोजित डीईएलईडी प्रवेश परीक्षा-2026 04 जून 2026 गुरुवार को प्रातः 10 बजे से 12.15 बजे तक आयोजित की जाएगी। कलेक्टर गोपाल वर्मा के निर्देश पर परीक्षा के सुचारू एवं निष्पक्ष संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।

04 जून को 16 परीक्षा केन्द्रों में 4,801 अभ्यर्थी होंगे शामिल

जिले में परीक्षा के लिए कुल 16 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं, जहां 4,801 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा केन्द्रों में व्यवस्थाओं की निगरानी एवं परीक्षा संचालन को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रत्येक केन्द्र में कलेक्टर कार्यालय की ओर से एक पर्यवेक्षक तथा समन्वयक केन्द्र की ओर से एक पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। परीक्षा के दौरान अनुचित एवं अनैतिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखने के लिए उड़नदस्ता दल का गठन किया गया है, जो विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण कर परीक्षा की पारदर्शिता एवं गोपनीयता सुनिश्चित करेगा।

अभ्यर्थियों को परीक्षा केन्द्र में ’’परीक्षा प्रारंभ होने के कम से कम दो घंटे पूर्व’’ पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि उनकी फ्रिस्किंग एवं फोटोयुक्त मूल पहचान पत्र के माध्यम से पहचान सत्यापन की प्रक्रिया समय पर पूर्ण की जा सके। परीक्षा प्रारंभ होने के ’’30 मिनट पूर्व परीक्षा केन्द्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा, इसके पश्चात किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

अभ्यर्थियों को परीक्षा केन्द्र में हल्के रंग के आधी बांह वाले वस्त्र पहनकर आने के निर्देश दिए गए हैं। काले, गहरे नीले, गहरे हरे, जामुनी, मैरून, बैंगनी एवं चॉकलेटी रंग के कपड़े पहनना प्रतिबंधित रहेगा। फुटवियर के रूप में केवल चप्पल पहनने की अनुमति होगी। कानों में किसी भी प्रकार के आभूषण पहनना वर्जित रहेगा। परीक्षा के दौरान अभ्यर्थी केवल काले अथवा नीले बॉल प्वाइंट पेन का उपयोग उत्तर अंकित करने के लिए कर सकेंगे। परीक्षा प्रारंभ होने के पहले आधे घंटे तथा परीक्षा समाप्ति के अंतिम आधे घंटे में परीक्षा कक्ष से बाहर जाने की अनुमति नहीं होगी।

निर्धारित निर्देशों का पालन नहीं करने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा में सम्मिलित होने से वंचित किया जा सकता है। वहीं परीक्षा में किसी भी प्रकार के अनुचित साधनों के उपयोग की स्थिति में संबंधित अभ्यर्थी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करते हुए उसकी अभ्यर्थिता समाप्त की जाएगी।

 

 

Avatar photo

By Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।