बेमेतरा, 01 जून 2026:- जनगणना 2027 के अंतर्गत प्रथम चरण (फेज-1) मकानसूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य बेमेतरा जिले में सफलतापूर्वक एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया है। यह राष्ट्रीय महत्व का अभियान केवल जनसंख्या संबंधी आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि देश एवं राज्य के भावी विकास की मजबूत आधारशिला तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। जनगणना के माध्यम से विभिन्न वर्गों तक विकास और कल्याणकारी योजनाओं की पहुंच तथा उनकी प्रभावशीलता का आकलन किया जाता है। भारत सरकार द्वारा संचालित जनगणना 2027 का कार्य छत्तीसगढ़ राज्य में दो चरणों में संपादित किया जा रहा है। प्रथम चरण के अंतर्गत मकानसूचीकरण एवं मकानों की गणना का फील्ड कार्य 1 मई 2026 से प्रारंभ होकर 30 मई 2026 को पूर्ण हुआ। वहीं द्वितीय चरण के अंतर्गत जनसंख्या गणना का कार्य फरवरी 2027 में किया जाएगा। प्रथम चरण के दौरान संकलित जानकारी आगामी जनसंख्या गणना के लिए आधार तैयार करेगी, जिससे कोई भी मकान अथवा परिवार गणना से वंचित न रह जाए।

मोबाइल एप के माध्यम से जुटाई गई जानकारी

प्रथम चरण के दौरान प्रगणकों ने जिले के ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में घर-घर जाकर प्रत्येक मकान एवं उसमें निवासरत परिवारों से जानकारी संकलित की। भारत सरकार द्वारा अधिसूचित 33 प्रश्नों के आधार पर मकानों की स्थिति, उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं तथा परिसंपत्तियों से संबंधित जानकारी मोबाइल एप के माध्यम से एकत्र की गई। संकलित समस्त जानकारी भारत सरकार के सर्वर में सुरक्षित रूप से संग्रहीत कर ली गई है।

जिले में बनाए गए 1542 गणना ब्लॉक

बेमेतरा जिले में जनगणना 2027 के प्रथम चरण का कार्य 11 नगरीय निकायों तथा 9 तहसीलों में संपादित किया गया। कार्य के सुचारू संचालन के लिए जिले में 9 ग्रामीण चार्ज एवं 11 नगरीय चार्ज बनाए गए थे। इन चार्जों के अंतर्गत कुल 1542 मकानसूचीकरण गणना ब्लॉकों का गठन किया गया था।

1828 अधिकारियों-कर्मचारियों ने निभाई जिम्मेदारी, नागरिकों के सहयोग से पूरा हुआ राष्ट्रीय महत्व का कार्य,अधिकारियों एवं कर्मचारियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका

जनगणना कार्य के सफल संचालन हेतु जिले में कुल 1828 अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। इनमें 3 जिला स्तरीय अधिकारी, 31 चार्ज अधिकारी, 2 मास्टर ट्रेनर, 34 फील्ड ट्रेनर, 1495 प्रगणक तथा 263 पर्यवेक्षक शामिल रहे। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने समन्वित प्रयासों से इस महत्वपूर्ण कार्य को सफलतापूर्वक संपादित किया।

जनगणना संबंधी जानकारी पूर्णतः गोपनीय

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नागरिकों द्वारा उपलब्ध कराई गई व्यक्तिगत जानकारी को जनगणना अधिनियम 1948 एवं जनगणना नियमावली 1990 के प्रावधानों के तहत पूर्णतः गोपनीय रखा जाएगा। इन आंकड़ों का उपयोग केवल नीति निर्माण, विकास योजनाओं के क्रियान्वयन तथा जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के लिए किया जाएगा। संपूर्ण जनगणना प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद भारत सरकार द्वारा निर्धारित समय पर आंकड़े जारी किए जाएंगे।

नागरिकों के सहयोग के लिए आभार

निदेशक जनगणना कार्य, छत्तीसगढ़ ने जनगणना 2027 के प्रथम चरण के सफल संपादन पर राज्य के सभी नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि नागरिकों के सक्रिय सहयोग के कारण यह कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो सका। साथ ही आशा व्यक्त की गई है कि फरवरी 2027 में आयोजित होने वाले जनगणना 2027 के द्वितीय चरण में भी नागरिक इसी प्रकार सहयोग प्रदान करेंगे, जिससे इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाया जा सके।

 

 

 

 

 

 

 

 

Avatar photo

By Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।