कवर्धा, 05 अगस्त 2025। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के माननीय मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा द्वारा 02 अगस्त को जिला न्यायालय, कबीरधाम कवर्धा का निरीक्षण किया गया। माननीय मुख्य न्यायाधीश महोदय द्वारा जिला न्यायालय, कबीरधाम कवर्धा के निरीक्षण के दौरान जिला न्यायालय भवन के प्रत्येक कक्ष का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उपस्थित प्रशानिक अधिकारियों को भवन में उचित रखरखाव के लिए दिशा-निर्देश दिये गये।उपस्थित अधिकारियों को न्यायालय भवन की साफ-सफाई के लिए भी निर्देशित किया गया। न्यायालय में उपस्थित अधिवक्ताओं द्वारा उनका अभिवादन किया गया।

मुख्य न्यायाधीश सिन्हा द्वारा अधिवक्ताओं से चर्चा की गई। इसके उपरांत माननीय मुख्य न्यायाधीश द्वारा जिला न्यायालय कबीरधाम में हो रहे रेनोवेशन कार्य का निरीक्षण किया गया तथा लोक निर्माण विभाग के इंजीनियर्स को शीघ्र कार्य करने हेतु निर्देशित किया गया। उल्लेखनीय है कि आगामी नेशनल लोक अदालत का आयोजन 13 सितम्बर, 2025 को प्रस्तावित है, जिसके सफल आयोजन तथा अधिक से अधिक राजीनामा योग्य प्रकरणों का निराकरण उक्त लोक अदालत में किए जाने हेतु न्यायिक अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिया गया। निरीक्षण के समय उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल मनीष कुमार ठाकुर, जिला कबीरधाम कवर्धा के न्यायिक अधिकारीगण, संयुक्त रजिस्ट्रार सह पीपीएस एम.वी. एल.एन.सुब्रहमन्यम तथा प्रोटोकॉल ऑफिसर आर.एस. नेगी उपस्थित रहे। विदित हो कि मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा राज्य के समस्त जिला न्यायालयों का निरंतर निरीक्षण कर न्यायिक व्यवस्थाओं में सुधार व विकास के लिए निरंतर प्रयासरत् हैं जिसके फलस्वरूप न्यायिक व्यवस्था में आमूलचूल सकारात्मक परिवर्तन भी देखने को मिल रहे है।

 

 

Avatar photo

By Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।