बेमेतरा, 02 जून 2025 । विश्व सायकल दिवस के एक दिन पूर्व, 02 जून को फिटनेस को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने के उद्देश्य से बेमेतरा शहर के जयस्तंभ चौक से प्रातः 7:00 बजे सायकल रैली का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला प्रशासन तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।

मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक दीपेश साहू उपस्थित रहे। कलेक्टर रणबीर शर्मा ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू, नगरपालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी टेकचंद्र अग्रवाल, अपर कलेक्टर अनिल वाजपेयी, अजय साहू, पार्षदगण, जनप्रतिनिधि, स्कूली बच्चे एवं बड़ी संख्या में नागरिक एवं अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।

रैली के समापन पर मुख्य अतिथि दीपेश साहू ने संबोधित करते हुए कहा कि सबसे बड़ा धन स्वास्थ्य है। साइकिल चलाना न केवल हमारे शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण एवं ईंधन बचत का भी सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि साइकिलिंग शरीर को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने में सहायक है। मोटापे को कम करने, हृदय स्वास्थ्य सुधारने और तनाव को कम करने में साइकिलिंग की अहम भूमिका है। साहू ने उपस्थित लोगों को नियमित साइकिलिंग का संकल्प दिलाया।

कलेक्टर रणबीर शर्मा ने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन निवास करता है। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन आधा से एक घंटा साइकिलिंग करने से हृदय संबंधी रोगों की आशंका कम होती है और शरीर ऊर्जावान बना रहता है।

नगरपालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा ने साइकिलिंग को सामुदायिक स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे ट्रैफिक जाम और प्रदूषण की समस्याओं का समाधान भी मिलता है। साइकिलिंग को रोजमर्रा की आदतों में शामिल करने का आग्रह किया। पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू ने साइकिलिंग को आत्मअनुशासन व सामुदायिक समरसता का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि साइकिलिंग न केवल एक उत्तम व्यायाम है, बल्कि यह आर्थिक रूप से भी किफायती साधन है।

कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और साइकिलिंग को जन-आंदोलन का रूप देना रहा। उपस्थित नागरिकों ने स्वस्थ एवं स्वच्छ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता सुनील झा ने किया । आभार व्यक्त डिप्टी कलेक्टर एवं खेल अधिकारी पिंकी मनहर ने किया |

 

 

 

Avatar photo

By Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।