मुंगेली, 20 जून 2025 । जिला एवं सत्र न्यायाधीश गिरिजा देवी मेरावी, कलेक्टर कुन्दन कुमार और पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने आज मुंगेली जिला जेल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने जरूरतमंद बंदियों के लिए आयुर्वेदिक स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने, सुरक्षा के मद्देनजर बंद कैमरों की मरम्मत कराने सहित विभिन्न बिन्दुओं पर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने लीगल एड क्लीनिक, रसोई घर और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष का भी अवलोकन किया, साथ ही भोजन, पेयजल और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

बंदियों को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने दी गई समझाईश

अधिकारियों ने बंदियों से सीधे बातचीत की और उनके अपराधों की जानकारी ली। जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने युवा बंदियों से कहा कि कैसे एक छोटी सी गलती उन्हें पॉक्सो एक्ट जैसे गंभीर अपराधों में फंसा सकती है, जिससे उनका पूरा जीवन और परिवार तबाह हो जाता है। उन्होंने युवा कैदियों को अपराध से दूर रहने व जीवन को सकारात्मक दिशा में मोड़ने के लिए प्रेरित किया।

बंदियों के कौशल प्रशिक्षण हेतु कार्ययोजना बनाने के निर्देश

कलेक्टर ने जिला जेल में लाइब्रेरी कॉर्नर बनाने, धार्मिक ग्रंथों और महापुरुषों की जीवनी से संबंधित पुस्तकें उपलब्ध कराने और अखबारों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, उन्होंने कौशल विकास में प्रशिक्षण हेतु आवश्यक कार्ययोजना बनाने पर जोर दिया, ताकि बंदियों को रिहाई के बाद समाज में फिर से स्थापित होने में मदद मिल सके। उन्होंने कहा कि जिला जेल को मॉडल जेल के रूप में विकसित किया जाए।

नशे की लत वाले बंदियों को स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श उपलब्ध कराएं

पुलिस अधीक्षक ने आदतन अपराधियों की जानकारी ली और नशे की लत वाले बंदियों को स्वास्थ्य जांच एवं आवश्यक परामर्श उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने जेल में साफ-सफाई की व्यवस्था की सराहना की और भविष्य में भी इसे बनाए रखने के निर्देश दिए। इस अवसर पर सीएमएचओ प्रभात चंद्र प्रभाकर, जिला शिक्षा अधिकारी चन्द्रकुमार घृतलहरे, सहायक जेल अधीक्षक सु ममता पटेल सहित संबंधित विभाग के अधिकारी और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं अधिवक्तागण मौजूद थे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Avatar photo

By Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।