मुंगेली, 16 फरवरी 2026 । शासन की सरस्वती सायकल योजना बालिकाओं की शिक्षा, सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक सराहनीय कदम है। निःशुल्क सायकल मिलने से छात्राओं को स्कूल में आने-जाने में सहूलियत हो रही है। साथ ही उनके समय और मेहनत की बचत हो रही है। इसी तारतम्य में शासकीय कन्या स्कूल, मुंगेली की कक्षा नवमी की छात्रा सीमा को निःशुल्क सायकल प्रदान की गई, जिसने उसकी पढ़ाई की राह को आसान और सुरक्षित बना दिया। सीमा का स्कूल उसके घर से लगभग 05 किलोमीटर दूर स्थित था। रोज़ सुबह वह कच्ची सड़कों और मौसम की मार झेलते हुए पैदल स्कूल जाती थी। तेज धूप हो या मूसलाधार बारिश, कठिन रास्ते और लंबी दूरी उसके लिए रोज़ की चुनौती बन चुके थे। पैदल आने-जाने में न केवल शारीरिक थकान होती थी, बल्कि पढ़ाई के लिए मिलने वाला कीमती समय भी कम हो जाता था।

ऐसे में शासन की सरस्वती सायकल योजना सीमा के जीवन में उम्मीद की किरण बनकर आई। योजना के तहत जब उसे निःशुल्क साइकिल मिली, तो उसकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। अब सीमा रोज़ सायकल से आसानी और आत्मविश्वास के साथ स्कूल जाती है। लंबी दूरी अब बाधा नहीं रही, बल्कि उसका सफर सुरक्षित, सुगम और आनंददायक बन गया है। सायकल मिलने से सीमा के समय की बचत हो रही है, जिससे वह पढ़ाई पर अधिक ध्यान दे पा रही है। उसकी उपस्थिति नियमित हुई है और आत्मविश्वास भी बढ़ा है। सीमा ने इस बदलाव के लिए शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरस्वती सायकल योजना जैसी पहल ने न केवल उसकी शिक्षा को आसान बनाया है, बल्कि उसके सपनों को भी नई दिशा दी है।

 

 

 

 

 

 

 

Avatar photo

By Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।