बेमेतरा, 25 मई 2026:- खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा प्रथम बस्तर आवासीय खेल अकादमी में प्रवेश हेतु राज्य स्तरीय चयन ट्रायल 2026-27 की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। यह चयन ट्रायल अकादमी संचालन नियम 2014 के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है। विभाग द्वारा तीरंदाजी, फुटबॉल एवं एथलेटिक्स खेल विधाओं के लिए 28 एवं 29 मई 2026 को क्रीड़ा परिसर धरमपुरा, जगदलपुर में चयन ट्रायल आयोजित किया जाएगा।

28-29 मई को जगदलपुर में होगा राज्य स्तरीय चयन ट्रायल, 13 से 17 वर्ष के खिलाड़ी ले सकेंगे भाग

चयन प्रक्रिया में 13 से 17 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिका खिलाड़ी भाग ले सकेंगे।

चयन ट्रायल में फुटबॉल के लिए 25 खिलाड़ियों तथा एथलेटिक्स एवं तीरंदाजी के लिए 20-20 खिलाड़ियों की संख्या निर्धारित की गई है। प्रथम दिवस खिलाड़ियों का पंजीयन, दस्तावेज परीक्षण एवं शारीरिक दक्षता परीक्षण किया जाएगा, जबकि द्वितीय दिवस खेल कौशल परीक्षण आयोजित होगा। विभाग ने बताया कि चयन ट्रायल में ऐसे खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी जाएगी जिन्होंने संबंधित खेल विधा में राज्य अथवा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लिया हो या पदक प्राप्त किया हो। साथ ही चयनित होने के पश्चात आवासीय अकादमी में रहने के इच्छुक खिलाड़ी ही पात्र होंगे।

प्रथम बस्तर आवासीय खेल अकादमी में चयनित खिलाड़ियों को आवासीय सुविधा के साथ उच्च स्तरीय प्रशिक्षण, शिक्षा, भोजन तथा दुर्घटना बीमा जैसी सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। अधिक जानकारी के लिए उपेंद्र सेंगर, सहायक जिला खेल अधिकारी, खेल एवं युवा कल्याण विभाग से मोबाइल नंबर 9826168395 पर संपर्क किया जा सकता है।

 

 

 

 

 

 

Avatar photo

By Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।