मुंगेली, 12 जून 2026 । अनुसूचित जाति बालक खेल परिसर, मुंगेली में प्रवेश हेतु चयन परीक्षा का आयोजन 22 एवं 23 जून 2026 को जिला मुख्यालय स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में किया जाएगा। खेल प्रतिभाओं को तराशने और उन्हें उच्च स्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह चयन प्रक्रिया आयोजित की जा रही है। सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग ने बताया कि खेल परिसर में एथलेटिक्स, व्हॉलीबॉल, तीरंदाजी, बास्केटबॉल एवं बेसबॉल जैसी खेल विधाओं में विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को अनुभवी प्रशिक्षकों एवं व्यायाम अनुदेशकों के मार्गदर्शन में नियमित प्रशिक्षण मिलेगा। प्रवेश के लिए ऐसे अनुसूचित जाति वर्ग के बालक पात्र होंगे, जो माध्यमिक विद्यालयों में अध्ययनरत हैं तथा जिनका जन्म 01 जनवरी 2014 अथवा उसके बाद हुआ है। चयन प्रक्रिया में 50 मीटर दौड़, 400 मीटर दौड़, पुश-अप, सिटअप, अपर बॉडी बेंडिंग, गतिशील स्फूर्ति परीक्षण, स्टैंडिंग जंप, उछाल परीक्षण एवं शटल रेस सहित विभिन्न शारीरिक दक्षता परीक्षाएं ली जाएंगी।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को 05 अंक तथा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भागीदारी करने वाले खिलाड़ियों को 10 अंक का बोनस भी दिया जाएगा। खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एक वर्ष अनुत्तीर्ण छात्र भी प्रवेश के लिए पात्र होंगे। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित आवेदन पत्र के साथ पिछली कक्षा की अंकसूची, जाति प्रमाण-पत्र एवं निवास प्रमाण-पत्र संलग्न कर 20 जून 2026 तक अनुसूचित बालक छात्रावास खेल परिसर, मुंगेली तथा जिला कलेक्टोरेट स्थित कार्यालय सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग में आवेदन जमा कर सकते हैं। चयनित विद्यार्थियों को खेल परिसर में निःशुल्क आवास, पौष्टिक भोजन, खेल सामग्री एवं प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा प्रतिवर्ष ट्रैक सूट, जूते, मोजे, टी-शर्ट, नेकर एवं शालेय गणवेश भी शासन द्वारा प्रदान किए जाएंगे। विद्यार्थी कक्षा 12वीं तक अध्ययन अवधि के दौरान खेल परिसर में रहकर प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे।

 

 

 

 

 

 

Avatar photo

By Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।

You missed