बेमेतरा, 21 मई 2025:- गर्मी की छुट्टियों के रचनात्मक उपयोग और बच्चों की प्रतिभा निखारने हेतु पीएम सेजेस शिवलालराठी विद्यालय में आयोजित दस दिवसीय समर कैंप का समापन बुधवार को हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। यह पूर्णतः स्वैच्छिक कार्यक्रम समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसमें पालकों की सहमति से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता दी।

समर कैंप के दौरान स्केचिंग, हस्तकला, क्रोशिया, फैंसी बैग निर्माण, नृत्य, वैदिक गणित, स्पोकन इंग्लिश, रोबोटिक्स एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी रचनात्मक एवं नवीनतम विधाओं की शिक्षा दी गई। प्रतिदिन सुबह योग और जुंबा से दिन की शुरुआत होती, जिसका संचालन छात्रा मानसी सिंह ने किया। इसके पश्चात विभिन्न सत्रों का आयोजन किया जाता था। शिक्षिकाओं रश्मि वशिष्ठ, वालेश्वरी साहू, वर्षा साहू, अनामिका रंजीत, मधु मेरावी और खुशी साहू ने बच्चों को मार्गदर्शन दिया, साथ ही विभिन्न विषयों के विशेषज्ञों को भी आमंत्रित किया गया। दुर्ग स्थित फर्म माइक्रोटेक द्वारा चार दिवसीय रोबोटिक्स व एआई कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें पूर्व देवांगन, प्रणय वर्मा, अनुराग वर्मा और आदिति दुबे ने सेंसर युक्त मॉडल प्रस्तुत कर अतिथियों की सराहना प्राप्त की।

छात्र कनिष्क साहू ने जिला शिक्षा अधिकारी का हूबहू स्केच बनाकर सभी को चकित कर दिया, जबकि मुखेंद्र ने फोटोग्राफी में अपनी भूमिका निभाई। विज्ञान विषय की व्याख्याता स्मृति अग्रवाल ने पुणे में आयोजित 5 दिवसीय कार्यशाला में भाग लेने के पश्चात समर कैंप में STEM गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को विज्ञान के मूल प्रयोगों से अवगत कराया। समापन समारोह में वार्ड पार्षद लंकी साहू, नीतू कोठारी, जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. कमल कपूर बंजारे, एपीसी भूपेन्द्र साहू तथा डॉ. अगमदास गोस्वामी उपस्थित रहे। उनके कर कमलों से 80% से अधिक उपस्थिति वाले विद्यार्थियों एवं प्रशिक्षकों को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।

जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. बंजारे ने अपने उद्बोधन में समर कैंप को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत उपयोगी बताया तथा विद्यालय की बोर्ड परीक्षा की उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए संस्था प्राचार्य व शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के रचनात्मक आयोजनों की आवश्यकता पर बल दिया।

 

 

 

 

Avatar photo

By Shailendra Gupta

supersamarthankichitthi.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।

You missed